Principal's Desk

शिक्षा मनुष्य का आभूषण है। मनुष्य को संस्कारित करना उसका उद्देश्य है। मनुष्य की उन्नति के समस्त द्वार शिक्षा से खुलते हैं। वस्तुतः यह एक सोद्देश्य सामाजिक प्रक्रिया है जिसके द्वारा व्यक्ति सर्वतोन्मुखी विकास का वाहक बनता है। भारतीय चिंतन में ज्ञान को ब्रह्म स्वरूप माना गया है और श्रध्दावान् को ज्ञान का अधिकारी – श्रध्दावान् लभते ज्ञानम्। समाज के लिए विभिन्न सद्गुणों से भास्वित सामाजिक का उत्स शिक्षा ही है। अतः शिक्षा एक राष्ट्र-नियामक महत् प्रत्यय है।

ब्रज की अध्यात्म-भूमि पर अवस्थित श्री ब्रज बिहारी महाविद्यालय, कोसीकलां स्थापना काल से ही ज्ञान और संस्कृति का केंद्र रहा है। अपनी अभिनव गौरवशाली परम्पराओं और बौद्धिक व्यापारों से संपृक्त यह महाविद्यालय इस ब्रजांचल में उच्च शिक्षा का विशिष्ट आयाम है। अपने उद्देश्यों की ओर तीव्रगति से प्रयासरत यह महाविद्यालय आज डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय आगरा के सर्वश्रेष्ठ महाविद्यालयों में से एक है। यह महाविद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और उनके व्यक्तित्व को अधिक सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। आज के इस भूमंडलीकरण के युग में सम्पूर्ण विश्व एक वैश्विक गाँव में रूपांतरित हो रहा है। संचार-तकनीकी आज की आवश्कता है जिस से शिक्षा के क्षेत्र में नवाचारों को क्रियान्वित किया जा सकता है। महाविद्यालय में उपर्युक्त समस्त नवाचारों को प्रश्रय प्रदान किया गया है।

Photo

Prof. (Dr.) Yashpal Singh

विभिन्न क्षेत्रों में अध्ययन, शोध और नवाचार के अनेक उपक्रमों में यह महाविद्यालय संलग्न है। हमारे उत्साही और उच्च सक्षम शिक्षण संकाय अध्यापन एवं शोध – दोनों ही क्षेत्रों में शैक्षणिक उत्कृष्टता की दिशा में पूर्णतः केंद्रित हैं। पाठ्येतर गतिविधियों जैसे – संगीत, नृत्य, रंगमंच, फिल्म निर्माण, कला और शिल्प, पर्यावरण और पारिस्थितिकी, वाद-विवाद, फैशन और खेल आदि में छात्रों की रुचि और उनके व्यक्तित्व विकास को ध्यान में रखते हुए हम छात्रों और शिक्षकों को सक्रिय रूप से इनसे जुड़े कार्यक्रमों और आयोजनों को शुरू करने के लिए प्रोत्साहित करते रहते हैं। यह महाविद्यालय अपने मिशन के दृष्टिगत बड़ी संख्या में पाठ्यक्रम से इतर कार्यक्रमों में शामिल रहा है ताकि हमारे समाज में बिना पढ़े-लिखे और वंचितों तक पहुंच बनाई जा सके। हमें विश्वास है कि महाविद्यालय परिवार के सभी सदस्य इस कार्य में शामिल होकर उपलब्धि के नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे। इस शैक्षणिक एवं सामाजिक प्रयास में आप सब का हार्दिक स्वागत करते हुए मैं अत्यन्त हर्ष की अनुभूति कर रहा हूँ।

आपका
प्रो. (डॉ.) यशपाल सिंह 
प्राचार्य
श्री ब्रज बिहारी महाविद्यालय
कोसीकलाँ, मथुरा, उत्तर प्रदेश।